रीवा में ड्रम के सहारे 90 वर्षीय बुजुर्ग का शव नाला पार कराया, वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- तेज बारिश के कारण दूरस्थ गांवों का मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ।
- मोती लाल तिवारी की अस्पताल में मौत के बाद स्वजन ने शव को ड्रमों से पार कराया।
- स्वजन ने दो ड्रमों को रस्सी से बांधकर उनके ऊपर पटिया लगाई थी।
रीवा। मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में तेज बारिश के चलते नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इसके कारण दूरस्थ गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। 20 अगस्त को रीवा जिले के जवा क्षेत्र में 90 वर्षीय मोती लाल तिवारी की अस्पताल में मौत के बाद स्वजन ने ड्रमों के सहारे उनका शव नाला पार कराया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
सरपंच और रोजगार सहायक ने नहीं की मदद
ग्राम पंचायत रौली निवासी मोती लाल तिवारी को गंभीर बीमारी के चलते रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वजन ने गांव की महिला सरपंच और रोजगार सहायक विवेक तिवारी से मदद मांगी, लेकिन उन्होंने मदद करने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद स्वजन ने दो ड्रमों को रस्सी से बांधकर उनके ऊपर पटिया लगाई। पटिया पर शव रखकर नाला पार किया गया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
जांच के निर्देश
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पंचायत के लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए दूसरे रास्ते से नाव की व्यवस्था की थी, लेकिन परिवार ने उसका इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहडोल में लकड़ी बांधकर महिला का शव कराया पार
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई। ग्राम नगनौड़ी में 45 वर्षीय राजवती बैगा ने झापर नदी के पार स्थित बगीचे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस और स्वजन शव को वाहन से वापस लाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन बाढ़ के कारण रास्ता बंद था। इसके बाद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने लकड़ी बांधी और शव को कंधे पर रखकर नदी पार कराई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.