मुजफ्फरनगर: दुष्कर्म के दो वांछित आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई चरथावल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा मंगलवार तड़के करीब 4 बजे की गई।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी उमर उर्फ सालिम के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अब्दुल्ला घेराबंदी के दौरान पकड़ लिया गया।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 13 जून को दर्ज मामले में आरोप था कि आरोपी उमर ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर मोटरसाइकिल से जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया था। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
एसएसपी ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी दधेड़ू पुल के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उमर घायल हो गया, जबकि अब्दुल्ला को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों के खिलाफ दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि महिला अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.