यूपी: राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 1651 प्रतिभागी भाग लेंगे

उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगारोन्मुख और आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में एक और कदम उठा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 12 जनवरी से राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 75 जिलों से चुने गए 1651 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता 20 अलग-अलग स्किल ट्रेड्स में होगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा।
चयनित प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें शंघाई (चीन) में होने वाली वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भाग लेने की संभावनाएं भी मिलेंगी।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यह प्रतियोगिता इंडिया स्किल्स कंपटीशन–2026 की चयन प्रक्रिया का अहम हिस्सा है।
तीन चरणों में होगी प्रतियोगिता
राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, जो 23 जनवरी तक चलेगी। प्रतियोगिता के समापन के बाद 24 जनवरी को आयोजित सम्मान समारोह में चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
पहले चरण में 570 प्रतिभागी दिखाएंगे हुनर
कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला चरण 12 और 13 जनवरी को होगा, जिसमें करीब 570 प्रतिभागी भाग लेंगे। इस चरण में एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, वेल्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन टेक्नोलॉजी, सीएनसी मिलिंग और सीएनसी टर्निंग सहित छह प्रमुख स्किल्स में युवाओं की दक्षता परखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले दिन प्रतिभागियों को उनकी स्किल से संबंधित विशेषज्ञ मार्गदर्शन, वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता के मानकों की जानकारी और आधुनिक मशीनों पर अभ्यास कराया जाएगा। इसके बाद 13 जनवरी को वास्तविक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
लखनऊ के कई संस्थानों में आयोजन
पहले चरण की प्रतियोगिता लखनऊ स्थित आईटीआई अलीगंज, आईटीआई मोहनलालगंज, आईटीओटी, रेमंड सेंटर, राजकीय पॉलिटेक्निक, आईटीआई चारबाग, महिला पॉलिटेक्निक और सीआईपीईटी जैसे प्रमुख संस्थानों में कराई जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.