'93.7% मतदान का रिकॉर्ड तोड़ें', यूपी में CEC ज्ञानेश कुमार ने की बड़ी अपील
By Hitesh — August 24, 2026

HIGHLIGHTS
- ज्ञानेश कुमार ने लखनऊ में शिक्षकों और छात्रों से संवाद किया
- 20 जिलों के शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल हुए
- ईएलसी को लोकतांत्रिक जागरूकता के लिए जरूरी बताया
Author: — Dainik Dehat
यूपी के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को लखनऊ पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लोगों से अपील की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल के 93.7 प्रतिशत मतदान के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा जाए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी-2) और एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआईनेट पर क्षेत्रीय सम्मेलन के दौरान उन्होंने 20 जिलों के शैक्षिक संस्थानों से आए शिक्षकों और छात्रों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए।
चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर बोले ज्ञानेश कुमार
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ काम करता है। उन्होंने कहा कि कोई भी आरोप लगाए, आयोग उससे डरने या घबराने के बजाय उसे चुनौती के रूप में स्वीकार करता है और पूरी पारदर्शिता से काम करता है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह यह अटल सत्य है कि सूरज पूरब से निकलता है, उसी तरह चुनाव आयोग पूरी तरह पारदर्शी है, यह भी अटल सत्य है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिसे जिस दिशा से सूरज उगाना है, वह उगाए, आयोग इस पर ध्यान नहीं देता। उन्होंने कहा कि आज के युवा सबसे समझदार हैं और वे हर चीज समझते हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रियाओं से जुड़े ज्ञान और समझ को बढ़ाने तथा लोकतंत्र को समृद्ध करने के लिए ईएलसी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में होने वाले सभी चुनाव संविधान और कानून की मंशा के अनुसार कराए जाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों और युवा मतदाताओं को चुनाव प्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों, पंजीकरण, मतदान और मतगणना प्रक्रियाओं के साथ चुनाव आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराने पर जोर दिया।
ईसीआईनेट पर मिलेंगी मतदान से जुड़ी सभी सेवाएं
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि ईसीआईनेट डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए एक बटन क्लिक करने पर मतदाता सूची से लेकर मतदान तक चुनाव से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध होती हैं। देश के बड़े शैक्षिक ईको सिस्टम को देखते हुए उन्होंने इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने बताया कि देश में करीब 15 लाख स्कूल हैं, जिनमें लगभग 25 करोड़ छात्र और एक करोड़ से ज्यादा शिक्षक हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करीब 1,500 विश्वविद्यालय और लगभग 70,000 शिक्षण संस्थान हैं। इनमें अनुमानित 4.33 करोड़ छात्र नामांकित हैं।
ईएलसी मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना सहित चुनावी प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों से संबंधित जानकारी के प्रचार-प्रसार के लिए भी मंच के तौर पर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) वोट का ऑडिट करते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, चुनाव आयोग के महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना और यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
संबंधित खबरें
मेरठ के स्क्रैप कारोबारी से 24.85 लाख की लूट में बड़ा खुलासा, पड़ोसी ने 3 महीने की रेकी; पूर्व चालक ने दी थी पूरी जानकारी






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.