यूपी में गर्मी का कहर, झांसी-प्रयागराज समेत कई शहरों में पारा 40 पार

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है। हाल ही में तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के बाद सोमवार को पूरे प्रदेश में धूप निकल आई, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। गर्मी और उमस के बीच बांदा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और आगरा में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
कई जिलों में भीषण गर्मी का असर
प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। झांसी में 40.7 डिग्री, प्रयागराज में 40.4 डिग्री, जबकि आगरा और वाराणसी में लगभग 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
नए पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली से सटे जिलों और तराई क्षेत्र के करीब 38 जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हवाओं की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। खासकर तराई क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की बारिश के आसार हैं, हालांकि इस दौरान तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी भी देखी जा सकती है।
किन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, झांसी, ललितपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.