यूपी: बिजली विभाग का जेई हुआ निलंबित, ऊर्जा मंत्री ने गलत स्टीमेट बनाने पर की कार्रवाई

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने ‘संभव पोर्टल’ पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान सख्त रुख अपनाते हुए बाराबंकी में गलत एस्टीमेट तैयार करने के मामले में सतरिख के अवर अभियंता रवि वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही संविदा पर कार्यरत मनीष कुमार वर्मा की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
मंगलवार शाम मऊ स्थित बहुउद्देशीय भवन ‘मंगलम’ में ऊर्जा मंत्री ऑनलाइन जनसुनवाई प्रणाली ‘संभव’ के माध्यम से शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। इस दौरान विभिन्न जिलों से प्राप्त 100 से अधिक मामलों का निस्तारण किया गया।
सुनवाई के दौरान बाराबंकी के एक शिकायतकर्ता ने अत्यधिक राशि का गलत एस्टीमेट तैयार किए जाने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित लाइनमैन को हटाने, अवर अभियंता को निलंबित करने तथा अधिशासी अभियंता के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई और स्थानांतरण के आदेश दिए।
इसके अलावा आजमगढ़, बरेली और आगरा सहित कई जिलों से आई शिकायतों पर भी दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महाराजगंज में एस्टीमेट जमा होने के बावजूद बिजली कनेक्शन न दिए जाने के मामले में संबंधित अधिकारी को निलंबित करने के आदेश दिए गए।
बरेली और मेरठ से प्राप्त शिकायतों पर ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को समय पर सेवाएं देना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वहीं झांसी, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर और मथुरा की विद्युत व्यवस्था को सुधारने के लिए अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और त्वरित सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर कार्पोरेशन अध्यक्ष आशीष गोयल, प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सहित सभी निगमों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.