फरवरी में तेज गर्मी के बाद बदला मौसम, दिल्ली-एनसीआर में यलो अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर: फरवरी में तेज गर्मी से झुलस रहे दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। पूरे क्षेत्र को बादलों ने घेर लिया और कई हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी और एनसीआर के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। बुधवार को तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस बदलाव की स्थिति बनी है। इस सप्ताह न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
फरवरी के पहले पखवाड़े में चटख धूप और बढ़ते तापमान के कारण दिल्ली में मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा था। मंगलवार को दिनभर साफ आसमान और तेज धूप रही, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान: रिज 12.2, आया नगर 13.8, लोधी रोड 12.6 और पालम 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस हफ्ते मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। 18 और 19 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री, न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 19 से 22 फरवरी के बीच न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री के आसपास रह सकता है। 22 और 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
कुल मिलाकर, इस सप्ताह दिल्ली और एनसीआर में मौसम में उथल-पुथल देखने को मिलेगी और लोगों को हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.