उत्तर प्रदेश में मौसम बदला, कई जिलों में बारिश और ठंड बढ़ी

उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर देखने को मिला। बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ सहित तराई, पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक वर्षा जालौन में 27 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा महराजगंज में 23 मिमी और झांसी में 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी रुक-रुक कर बारिश होती रही।
बारिश और ठंडी हवाओं के असर से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। तराई और पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। हरदोई, इटावा, बरेली और नजीबाबाद जैसे इलाकों में तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिली। नजीबाबाद में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ चुका है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश में बारिश या आंधी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले दो दिनों तक मौसम के सामान्य रहने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है।
हालांकि, अनुमान है कि सोमवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक नए, लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बूंदाबांदी फिर शुरू हो सकती है।
इधर, बारिश के चलते लखनऊ के इकाना स्टेडियम में चल रहे आईपीएल मैच को भी कई बार रोकना पड़ा। सुबह से ही लखनऊ के कई हिस्सों में रुक-रुक कर तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.