UCC पर अमित शाह के बयान को लेकर अखिलेश का तंज, बोले- बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने भाजपा की अंदरूनी फूट बढ़ने का दावा किया।
- सपा अध्यक्ष के मुताबिक, विधान परिषद में पार्टी की संख्या बढ़ रही है।
- आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं को ज्यादा टिकट देने की बात कही।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की बात कही थी। अखिलेश ने शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा, ''बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।''
अखिलेश यादव ने कहा कि केवल भाषण देने से कुछ तय नहीं होता। भाजपा लोकसभा और विधान परिषद के चुनाव हार चुकी है। वाराणसी में भी पार्टी को डबल इंजन की डबल हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा की अंदरूनी खींचतान और सामने आएगी।
सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि विधान परिषद में पार्टी की संख्या बढ़ रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में सपा रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी महिलाओं को भाजपा के मुकाबले ज्यादा टिकट देगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन के तहत सीटें देने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि उनकी सीटों को सपा के खाते में नहीं गिना जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे पर कहा कि कुछ मामलों में चुप रहना ही बेहतर होता है।
इंडिया गठबंधन की रैली में रविवार को शामिल होंगे अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली में हिस्सा लेंगे। उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोट काटने के मामलों को लेकर चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में धांधली, फर्जी फॉर्म-7 भरवाने और मतदाताओं के नाम हटाने की शिकायतों पर चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार इन मामलों को आयोग के सामने उठा रही है।
उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि ग्रामसभा स्तर पर उपलब्ध बायोमीट्रिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाए, आधार कार्ड को मेटल का बनाया जाए और मतदाता सूची को आधार से जोड़ा जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.