UP PET 2026: दूसरे दिन 66.75% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, AI से 22 संदिग्ध मिले

HIGHLIGHTS
- शुक्रवार को दोनों पालियों में कुल 7,87,964 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
- परीक्षा के लिए 11,80,434 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
- एआई आधारित चेहरे की पहचान में 22 अभ्यर्थी संदिग्ध पाए गए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को 66.75 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। दोनों पालियों में कुल 11,80,434 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 7,87,964 ने परीक्षा दी।
परीक्षा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए चेहरे का मिलान करने पर 22 अभ्यर्थी संदिग्ध पाए गए। आयोग ने बताया कि इनकी जांच कराई जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, झांसी में एक अभ्यर्थी ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
नकल रोकने के लिए लगाए गए जैमर और सीसी कैमरे
परीक्षा को नकल मुक्त कराने के लिए प्रदेश के 20 जिलों में स्थित परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे। इनके माध्यम से परीक्षा के दौरान मोबाइल नेटवर्क और अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक संचार को रोकने की व्यवस्था की गई थी।
अभ्यर्थियों की पहचान के लिए केंद्रों पर एआई आधारित फेसियल रिकग्निशन और आधार सत्यापन किया गया। इसके साथ ही परीक्षा में शामिल हर अभ्यर्थी की फोटो और आंखों की पुतली (आइरिस) का बायोमीट्रिक डाटा भी दर्ज किया गया।
परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए कुल 31,602 सीसी कैमरे लगाए गए थे। अभ्यर्थियों की मदद के लिए प्रत्येक जिले में अलग हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई थी। हालांकि, बारिश के कारण कुछ जिलों में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एक नवंबर को होगी आखिरी दिन की परीक्षा
आयोग के मुताबिक, तीन दिनों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए कुल 35,41,297 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। दो दिनों में अब तक 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा दे चुके हैं। अब परीक्षा का अंतिम दिन एक नवंबर है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.