हरियाणा में मौसम ने दिखाई करवट, कई जिलों में बारिश और ठंडक बढ़ी

हरियाणा में सोमवार को मौसम ने आम जनजीवन प्रभावित किया। कई जिलों में लगातार बारिश होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हिसार, फतेहाबाद और नारनौल में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। हिसार में रविवार शाम पांच बजे से सोमवार सुबह आठ बजे तक 47 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।
हिसार और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ हांसी, आदमपुर और नारनौंद में ओलों की भी खबरें मिली हैं। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है और यह सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री कम दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश में आज और कल बारिश की संभावना है। बुधवार को केवल उत्तरी और पूर्वी जिलों में ही इसका असर दिखेगा, जबकि 9 अक्टूबर के बाद यह विक्षोभ उत्तर की ओर चले जाएगा। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हल्की ठंड भी महसूस की जा सकेगी।
नारनौल में सुबह से हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर तक मौसम बदलते रहने की संभावना जताई है, जिसमें 6-7 अक्टूबर को अधिक प्रभाव दिखाई देगा। डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में तापमान और मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
फतेहाबाद में सोमवार सुबह साढ़े 8 बजे से बारिश जारी है। रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश से अनाजमंडी में रखी धान की ढेरियां भीगी हैं। किसानों ने नमी से बचाने के लिए धान को हवा में सुखाने के इंतजाम किए थे, लेकिन बारिश से उन्हें अब और इंतजार करना पड़ेगा। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल भी बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित हुई है। कई क्षेत्रों में फसल गिर गई है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.