मौसम का बदला मिजाज: कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, मानसून ने पकड़ी रफ्तार

देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का रुख तेजी से बदलता नजर आ रहा है। एक ओर उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाके अभी भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और अन्य मौसमीय प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में देश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में कई नए राज्यों में दस्तक दे सकता है।
उत्तर भारत में बारिश और तेज हवाओं के संकेत
आईएमडी के अनुसार उत्तराखंड में 11 से 16 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसी अवधि में हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भी वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा पूर्वी राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
मानसून की रफ्तार हुई तेज
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। अगले पांच दिनों में मानसून मध्य अरब सागर के और हिस्सों को कवर कर सकता है। इसके साथ ही महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के शेष क्षेत्रों में भी मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में भी मानसूनी गतिविधियां मजबूत हो रही हैं। इसके चलते पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून के आगमन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। यदि मौसम की मौजूदा स्थिति बरकरार रहती है तो इन राज्यों में जल्द ही मानसून की आधिकारिक एंट्री हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का बदला मिजाज
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। 11 जून को राजधानी में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा बिहार, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, कोंकण-गोवा, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
कई राज्यों में बिजली गिरने का खतरा
आईएमडी ने बिहार और पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। वहीं आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.