दिल्ली-यूपी में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

कड़ाके की ठंड के बाद अब दिन के तापमान में आई बढ़ोतरी पर भी ब्रेक लगने वाला है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आज से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलेगा। कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं तेज हवाओं के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग का ताजा अनुमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी की देर शाम या रात से पश्चिमी जिलों में बारिश की शुरुआत हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी व्यापक बारिश होने के आसार हैं। 24 जनवरी से बारिश की तीव्रता घटेगी और 25 जनवरी तक मौसम के शुष्क होने की संभावना है।
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 22 व 23 जनवरी को बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में भी अगले दिन वर्षा के संकेत हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में आज और कल 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल दिन के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना रह सकता है, लेकिन बारिश और खराब मौसम के कारण अगले दो दिनों में इसमें गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की उम्मीद है। महाराष्ट्र में भी पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
कोहरे और धुंध का असर
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 23 जनवरी तक कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है।
पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने 23 जनवरी को उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसके चलते प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान में गुरुवार को छह जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में यह बदलाव फिलहाल थमने वाला नहीं है। एक के बाद एक नए सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं। इसी क्रम में अगले सप्ताह एक और सिस्टम प्रभावी होगा, जिससे 26 से 28 जनवरी के बीच फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.