जल्द ही बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो रेल का काम होगा शुरू, दिल्ली तक सफर होगा आसान: कृष्णपाल गुर्जर

पलवल: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को हथीन नगर पालिका में करीब 12.21 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद करेंगी और जनता की सहभागिता व पारदर्शिता की मिसाल पेश करेंगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पिछले 11 वर्षों में अनेक नई योजनाएं शुरू की हैं, जिससे जनता के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने मेट्रो परियोजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि जल्द ही बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो रेल का काम शुरू होगा। इससे पलवलवासियों के लिए दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, उनमें नगर पालिका हथीन की मुख्य सड़कों पर नई पोल और एलईडी लाइटें, खंभों पर तिरंगा एलईडी लाइटें, वार्ड 10 में सामुदायिक केंद्र, वार्ड 12 में गुलाब शाह चौक से बस स्टैंड तक आरएमसी रोड, वार्ड 5 में पुस्तकालय, शमशान घाट से गोच्छी ड्रेन तक आरएमसी रोड, वार्ड 12 में सड़क व नाली निर्माण और नगर पालिका की विभिन्न चौपालों में मरम्मत कार्य शामिल हैं।
इस मौके पर पूर्व विधायक प्रवीण डागर, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, पूर्व विधायक केहर सिंह रावत, नगर परिषद पलवल के चेयरमैन यशपाल, एसडीएम बलिना और हथीन नगर पालिका की चेयरपर्सन रेनू लता समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.