बुलंदशहर में युवक को बंधक बनाकर पीटा, वीडियो वायरल

बुलंदशहर। जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के सुनपेड़ा गांव में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को एक होटल में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक पीड़ित के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इनमें गांव के प्रधान हरवीर के बेटे हर्ष, शिवम और नितिन शामिल हैं। इनके साथ आशु नामक युवक भी नजर आ रहा है। वीडियो में पीड़ित पर मकान खाली करने का दबाव डाले जाने की बात भी सामने आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मामला सामने आने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर ककोड़ थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़े हैं।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मामले की चर्चा तेज हो गई है और लोग पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.