'10 रुपये वाला बिस्कुट' फेम शादाब जकाती फिर विवादों में, जानें क्या है मामला

मेरठ। सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर शादाब जकाती एक बार फिर विवादों में हैं। इंचौली निवासी खुर्शीद ने शादाब और अपनी पत्नी पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। खुर्शीद का आरोप है कि जब वह कोर्ट केस करने की बात करते हैं, तो जकाती और उनकी पत्नी उन्हें पैसे की धमकी देते हैं। वहीं, शिकायतकर्ता की पत्नी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
मवाना रोड, इंचौली निवासी खुर्शीद उर्फ सोनू टायर रिपेयरिंग का काम करते हैं। बृहस्पतिवार को खुर्शीद थाने पहुंचे और सुरक्षा की मांग की। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी और शादाब जकाती मिलकर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके अलावा, उनकी पत्नी कई दिनों तक शादाब के साथ बाहर रहती हैं और विरोध करने पर गालियां देती हैं तथा तलाक की धमकी देती हैं।
खुर्शीद ने बताया कि वह बीमार हैं और उन्हें हृदय संबंधी समस्या है। आरोप है कि उनकी पत्नी बुधवार को शादाब के साथ देहरादून जा रही थीं। जब उन्होंने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए पत्नी को जाने से मना किया, तो पत्नी ने कहा कि “तू मर जा।” खुर्शीद का दावा है कि यह सब शादाब जकाती के कहने पर किया गया। उनका यह भी कहना है कि कोर्ट केस की बात करने पर उन्हें पैसे की धमकी दी जाती है।
पत्नी बोली- काम के बदले मिलते हैं पैसे, पति करता है मारपीट
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, शिकायतकर्ता की पत्नी ने भी अपना पक्ष रखा। महिला का कहना है कि शादाब जकाती पर लगाए गए सभी आरोप झूठे और निराधार हैं। वह शादाब के साथ काम करती हैं, जिससे मिलने वाले पैसों से अपने बच्चों का पेट पालती हैं। महिला ने कहा कि वह अपनी मर्जी से काम के लिए शादाब के साथ जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खुर्शीद उनके साथ मारपीट करते हैं और उन्हें पहले ही तलाक दे चुके हैं। इस मामले में महिला ने इंचौली थाने में तहरीर भी दी है।
पुलिस और प्रशासन का रुख
इस हाई-प्रोफाइल मामले में सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि खुर्शीद थाने आए थे, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। पत्नी ने वीडियो के जरिए अपना पक्ष रखा है। लिखित शिकायत मिलने पर ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शादाब जकाती ने फिलहाल इस मामले में चुप्पी साध रखी है और मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया।
पहले भी रह चुके हैं विवादों में
‘10 रुपये वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का है जी…’ डायलॉग से मशहूर शादाब जकाती पहले भी विवादों में रह चुके हैं। 27 नवंबर 2025 को उन पर एक बच्ची के सामने अश्लीलता फैलाने के आरोप में पॉक्सो और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.