आंध्र प्रदेश के स्कूल में 10वीं की छात्रा पर आरी से हमला, दूसरी छात्रा भी घायल

HIGHLIGHTS
- वारदात अनंतपुर जिले के राप्टाडु मंडल स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में हुई।
- आरोपी पेड़ काटने वाली आरी लेकर सीधे 10वीं की कक्षा में पहुंचा था।
- हमले में छात्रा के चेहरे, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्टाडु मंडल मुख्यालय स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक व्यक्ति ने पेड़ काटने वाली आरी से 10वीं कक्षा की छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी आरी लेकर सीधे कक्षा में पहुंचा और छात्रा पर हमला शुरू कर दिया। इस घटना से क्लास में मौजूद अन्य छात्र दहशत में आ गए।
आरोपी ने छात्रा के चेहरे पर बुरी तरह वार किए। इसके अलावा उसके सिर और पीठ पर भी गंभीर चोटें आईं। इस दौरान एक अन्य छात्रा ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी घायल हो गई।
हमले के बाद फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। वहीं, घायल छात्रा कक्षा के अंदर खून से लथपथ पड़ी रही। घटना देखकर छात्र और शिक्षक तुरंत सक्रिय हुए और पुलिस को इसकी सूचना दी। स्कूल के शिक्षकों और छात्रों ने घायल छात्रा को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस घटना के बाद छात्र, शिक्षक और अभिभावक सदमे में हैं। स्कूल परिसर में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जांच में सामने आई आरोपी और छात्रा के बीच रंजिश की वजह
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी छात्रा का दूर का रिश्तेदार था और काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। बताया गया है कि छात्रा ने उसे अपने से दूर रहने की चेतावनी दी थी। साथ ही कहा था कि वह उसके व्यवहार की शिकायत अपने माता-पिता से करेगी।
आरोप है कि इसी बात से आरोपी छात्रा के प्रति रंजिश रखने लगा और उसने सरकारी स्कूल की कक्षा में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को अनंतपुर जिले के राप्टाडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में हुई इस घटना पर गहरा दुख और हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि 10वीं कक्षा की छात्रा पर उसकी कक्षा के अंदर हुए बर्बर हमले से वह बेहद दुखी और गुस्से में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में बच्चियों को निशाना बनाने वाले हमलावरों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है।
उन्होंने बताया कि वह खुद छात्रा के ठीक होने की प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं। मेडिकल टीम को बेहतर इलाज और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस को आदेश दिया गया है कि इस अपराध के जिम्मेदार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.