अयोध्या में 23 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में एक 23 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के सरेसर चवरढार गांव की बताई जा रही है। यहां रहने वाले दिलीप दुबे के बेटे अभिषेक दुबे (23) का शव बृहस्पतिवार देर शाम चौरे बाजार–कनिवा मोतीगंज मार्ग के किनारे विट्ठलपुर के पास गंभीर हालत में मिला था। उसके शरीर पर कई जगह गहरी चोटों के निशान पाए गए।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
स्थानीय लोगों ने शुरुआत में उसे नशे की हालत में समझा, लेकिन जब करीब जाकर देखा तो शरीर पर गंभीर चोटें दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर भेजा, जहां से हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप और दर्द
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पिता दिलीप दुबे, मां गुड्डन देवी और छोटे भाई अविनाश दुबे का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान के अनुसार अभिषेक दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था।
मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अभिषेक करीब एक महीने पहले घर से रिश्तेदारी जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। आरोप है कि बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। बताया गया है कि मृतक के पास मोबाइल फोन भी नहीं था और वह ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं था।
थाना प्रभारी के अनुसार, तहरीर के आधार पर दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.