दिल्ली से चोरी मोबाइल नेपाल-बांग्लादेश भेजने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 46 फोन बरामद

दिल्ली: सरोजिनी नगर थाना पुलिस ने दिल्ली से चोरी किए गए मोबाइल फोन को नेपाल और बांग्लादेश भेजने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से कुल 34 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। ये आरोपी मोबाइल को बिचौलियों के जरिए बिक्री के लिए भेजते थे। इसके अलावा, 12 और मोबाइल फोन पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और सीईआईआर पोर्टल की मदद से बरामद किए। सभी 46 मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 27 जनवरी की शाम सरोजिनी नगर मार्केट से एक फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। एसएचओ अतुल त्यागी की टीम ने मामले की जांच शुरू की। एसआई अनूप कुमार और हेड कांस्टेबल राजेन्द्र ने सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की, जिसमें दो संदिग्ध मार्केट में घूमते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग को मौके से दबोच लिया।
नाबालिग ने पूछताछ में चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि वह सभी चोरी के मोबाइल अभिषेक कुमार को देता था। पुलिस ने गाजीपुर, पूर्वी दिल्ली में अभिषेक के किराए के घर पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 34 मोबाइल और 23 मोबाइल कवर बरामद हुए।
मोबाइल नेपाल और बांग्लादेश भेजे जाते थे
अभिषेक ने पूछताछ में बताया कि वह उत्तर प्रदेश के महाराजगंज का रहने वाला है। वह कई लोगों के संपर्क में था, जो चोरी किए गए मोबाइल को नेपाल और बांग्लादेश में बेचते थे। चोरी के फोन को विदेश भेजने से पकड़ाए जाने का जोखिम कम रहता था, और इसके बदले उन्हें अच्छी रकम मिलती थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.