नैनीताल में दिल्ली के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, 16 घायल

नैनीताल। शहर के समीपवर्ती दोगांव क्षेत्र में शनिवार देर रात दिल्ली से आए पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार हो गया। बाबा नीब करौरी आश्रम (कैंची धाम) से लौटते वक्त मटियाली बैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। टेंपो ट्रैवलर में चालक समेत कुल 16 लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राहगीरों ने दी सूचना, दो घंटे चला रेस्क्यू अभियान
हादसा होते ही आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा अपनी टीम के साथ तत्काल रेस्क्यू में जुट गए। अंधेरा और खड़ी ढलान के बावजूद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर करीब दो घंटे में सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सभी घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार घायलों में बदरपुर, दिल्ली निवासी गौरव बंसल समेत दो पर्यटकों की स्थिति चिंताजनक है।
कैंची धाम से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार पर्यटकों का यह दल बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए कैंची धाम आया हुआ था। दर्शन के बाद वे शनिवार देर रात दिल्ली लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.