पति की तलाश में 2000 किमी का सफर, गोद में बच्चे को लेकर मुजफ्फरनगर पहुंची महिला

मुजफ्फरनगर। पति की तलाश में आंध्र प्रदेश से करीब दो हजार किलोमीटर का सफर तय कर एक महिला अपने एक साल के बच्चे के साथ मुजफ्फरनगर पहुंची। यहां नगर कोतवाली में उसने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की मांग की।
महिला का आरोप है कि मुजफ्फरनगर निवासी युवक ने उससे कुवैत में विवाह किया था, लेकिन कुछ समय पहले उसे आंध्र प्रदेश में छोड़कर चला गया। अब उसे जानकारी मिली है कि आरोपी ने यहां किसी अन्य युवती से दूसरी शादी कर ली है। नगर कोतवाली में संतोषजनक मदद न मिलने पर महिला ने महिला थाने में भी शिकायत दर्ज कराई।
मंगलवार दोपहर आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के चित्तेचेरला क्षेत्र स्थित दीनदार पल्ली गांव की रहने वाली शेख सैयदानी अपने छोटे बच्चे को लेकर थाने पहुंची। उसने बताया कि करीब दो वर्ष पहले कुवैत में उसकी मुलाकात मुजफ्फरनगर के लद्दावाला मोहल्ले के रहने वाले मोहम्मद आरजू से हुई थी। वहीं दोनों ने आपसी सहमति से विवाह कर लिया।
पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद दोनों कुछ समय तक कुवैत में साथ रहे, जहां वह ब्यूटीशियन के रूप में काम करती थी, जबकि आरजू ड्राइवर था। बाद में दोनों भारत लौट आए और आंध्र प्रदेश में भी साथ रहने लगे। महिला का आरोप है कि करीब एक माह पहले आरजू उससे सोने की चेन और तीन लाख रुपये लेकर अचानक गायब हो गया और इसके बाद उसने फोन पर भी संपर्क तोड़ लिया।
महिला ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे आरजू के व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए जानकारी मिली कि उसने मेरठ की एक युवती से दूसरी शादी कर ली है। इस पर उसने आंध्र प्रदेश में स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन वहां से कोई ठोस मदद नहीं मिली। इसके बाद वह मुजफ्फरनगर आकर थानों के चक्कर काटने को मजबूर हुई।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि आंध्र प्रदेश से आई महिला की शिकायत की जानकारी मिली है। पीड़िता से बातचीत कर पूरे मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.