खलील के बाद सीएसके को एक और बड़ा झटका, इन-फॉर्म बैटर आयुष म्हात्रे हुए बाहर

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आईपीएल 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम के उभरते हुए युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी ने इसकी पुष्टि करते हुए आधिकारिक बयान जारी किया है।
सीएसके के अनुसार, 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी के दौरान आयुष म्हात्रे को बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। बयान में कहा गया कि उन्हें रिकवरी के लिए लगभग 6 से 12 सप्ताह के रिहैब की आवश्यकता होगी।
फ्रेंचाइजी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
बल्लेबाजी के दौरान लगी चोट
यह चोट उस समय लगी जब म्हात्रे रन लेते हुए अचानक दर्द से कराह उठे। दूसरे रन के लिए दौड़ते समय उन्हें परेशानी महसूस हुई और वह मैदान पर बैठ गए। फिजियो की जांच के बाद उन्होंने थोड़ी देर बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन जल्द ही पवेलियन लौटना पड़ा।
शानदार फॉर्म में थे आयुष म्हात्रे
18 वर्षीय आयुष म्हात्रे इस मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरे थे और उन्होंने मात्र 12 गेंदों में 30 रनों की तेजतर्रार पारी खेली थी। पूरे सीजन में वह सीएसके के सबसे प्रभावशाली युवा बल्लेबाजों में से एक रहे हैं और लगातार आक्रामक स्ट्राइक रेट से रन बना रहे थे।
उनकी यह फॉर्म टीम के लिए बड़ी उम्मीद थी, लेकिन चोट के कारण अब वह पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं, जो फ्रेंचाइजी के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
कोच माइकल हसी ने जताई चिंता
मैच के बाद बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने भी उनकी चोट पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि यह हैमस्ट्रिंग टियर है और इसकी गंभीरता फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह काफी गंभीर लग रही है। हसी ने माना कि यह टीम के लिए बड़ा झटका है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इससे अन्य खिलाड़ियों को मौका मिलेगा।
पहले भी झेल चुकी है टीम झटके
इस सीजन में आयुष म्हात्रे सीएसके के तीसरे खिलाड़ी हैं जो चोट के कारण बाहर हुए हैं। इससे पहले खलील अहमद और नाथन एलिस भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। वहीं, पूर्व कप्तान एमएस धोनी अभी तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं और पिंडली की चोट से रिकवरी कर रहे हैं।
टीम की स्थिति पर दबाव
सीएसके को हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 10 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद टीम छह मैचों में चार अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर खिसक गई है। अब टीम का अगला मुकाबला मुंबई इंडियंस से होना है, जहां सीएसके के लिए जीत बेहद जरूरी होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.