आगरा: अमोनिया गैस फैलने से 30 से ज्यादा लोग बीमार

आगरा के पिनाहट क्षेत्र के कुकथरी गांव में गुरुवार को तेज़ बदबू वाली अमोनिया गैस फैलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गैस की गंध के कारण कई लोग सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और चक्कर महसूस करने लगे, जबकि कुछ लोग बेहोश भी हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तुरंत पूरे गांव को खाली करा दिया।
घटना की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से प्रभावित लोगों को पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इसमें नवाबगंज (बरेली) के कोल्ड स्टोर कर्मचारी मोहम्मद सलीम भी शामिल हैं, जो गैस की गंध से बेहोश हो गए थे। इसके अलावा 12 वर्षीय पार्थ, 8 वर्षीय माधव, 25 वर्षीय सोनी, 14 वर्षीय आयुषी, परी, रेनू और पूनम भी अस्पताल में भर्ती हुए। कुल मिलाकर 30 से अधिक लोग गैस के प्रभाव से बीमार पड़े।
स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि सभी मरीजों को घबराहट और सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के कारण गांव में कुछ समय के लिए भय का माहौल बना रहा, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.