अखिलेश यादव ने कीर्ति कश्यप को बिथरी चैनपुर से बनाया प्रत्याशी, कई नेता सपा में शामिल

HIGHLIGHTS
- कीर्ति कश्यप ने अपने पिता धर्मेंद्र कश्यप के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की।
- आंवला से बसपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे सैय्यद आबिद अली भी सपा में शामिल हुए।
- धर्मेंद्र कश्यप ने प्रदेश में कश्यप समाज के लोगों की हत्याओं का मुद्दा उठाया।
यूपी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को बरेली की बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से कीर्ति कश्यप को प्रत्याशी घोषित किया। कीर्ति कश्यप आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी हैं। उन्होंने मंगलवार को अपने पिता के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। इनके अलावा आंवला से बसपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे सैय्यद आबिद अली सहित कई नेताओं ने सपा का दामन थामा।
इस मौके पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि पूरे प्रदेश में कश्यप समाज के एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहरी व्यवस्था लागू की है। जब आरोपी उनकी जाति का होता है, तब बुलडोजर नहीं चलता।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में अलग-अलग दलों से एक-दूसरे के सामने रहे कई नेता आज समाजवादी पार्टी में पीडीए के मजबूत स्तंभ के रूप में एक साथ खड़े हैं। धर्मेंद्र कश्यप के सपा में शामिल होने से बरेली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में पीडीए की लड़ाई और सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का संघर्ष मजबूत हुआ है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि 2027 में प्रदेश में परिवर्तन होना तय है। वहीं, आंवला के सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की बयार चल रही है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
ये प्रमुख लोग भी सपा में शामिल हुए
सपा में शामिल होने वालों में आलापुर (बदायूं) के चेयरमैन फहीमुद्दीन, श्रावस्ती के भाजपा नेता देव प्रताप सिंह, बहराइच के संतोष तिवारी, उन्नाव के सर्वेश कुमार वर्मा, भारतीय साहू-राठौर सभा के कार्यकारी अध्यक्ष अनुज कुमार साहू, बरेली के डॉ. विनोद विश्वकर्मा और उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर बाल्मीकि शामिल हैं।
अखिलेश यादव ने बसपा पर कसा तंज, बोले- यहां सिर्फ फूल
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने बसपा पर भी तंज कसा। जब आंवला के सैय्यद आबिद अली का परिचय बसपा के पूर्व प्रत्याशी के रूप में कराया गया, तो सपा अध्यक्ष ने कहा, “पार्टी का नाम मत लो, यहां तो सिर्फ यह फूल ही लेकर आए हैं।” उनकी इस टिप्पणी के बाद हॉल में ठहाके लगने लगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.