पैरोल खत्म होने के बाद समय पर जेल नहीं पहुंचे आसाराम, थाने में केस दर्ज

HIGHLIGHTS
- आसाराम को उच्च न्यायालय के निर्देश पर 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर 20 दिन की पैरोल मिली थी।
- एक अक्टूबर को जेल से रिहा हुए आसाराम को 27 अक्टूबर शाम पांच बजे तक वापस लौटना था।
- निर्धारित समय तक नहीं पहुंचने पर रातानाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया।
जयपुर। जोधपुर जेल से पैरोल पर बाहर आए आसाराम के मंगलवार शाम पांच बजे तक वापस नहीं पहुंचने पर रातानाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया। थाना अधिकारी जुल्फिकार ने बताया कि जेल प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
जोधपुर केंद्रीय कारागार के प्रहरी बनवारीलाल की रिपोर्ट के अनुसार, उच्च न्यायालय के निर्देश पर आसाराम को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर 20 दिन की पैरोल दी गई थी।
एक अक्टूबर को जेल से रिहा हुए आसाराम को 27 अक्टूबर की शाम पांच बजे तक वापस जेल में समर्पण करना था। रिपोर्ट में कारागार अधिनियम की धारा 58 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की गई।
उज्जैन में उपचार के लिए पैरोल पर बाहर आए आसाराम मंगलवार रात 10:15 बजे एयर एंबुलेंस से जोधपुर पहुंचे। इसके बाद रात 10:45 बजे जेल पहुंचे, लेकिन रात में बंदियों को प्रवेश नहीं दिए जाने के कारण उन्हें आरोग्य अस्पताल जाना पड़ा।
बुधवार सुबह 9:45 बजे आसाराम ने जेल में समर्पण कर दिया। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.