अग्निवीर योजना पर राहुल गांधी को अश्विनी वैष्णव की चुनौती, बोले- लोकसभा में करें बहस

HIGHLIGHTS
- अश्विनी वैष्णव ने अग्निवीर योजना पर राहुल गांधी को दी बहस की चुनौती।
- केंद्रीय मंत्री ने अग्निवीर योजना को बताया बेहद सफल।
- SIR और EVM के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा।
जयपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अग्निवीर योजना को सफल बताते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को इस मुद्दे पर खुली बहस करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना बेहद सफल रही है।
इसके साथ ही एसआईआर और ईवीएम के मुद्दे पर भी उन्होंने कांग्रेस को घेरा। वैष्णव ने सवाल उठाया कि क्या देश में 1947 के बाद पहली बार एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई जा रही है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी एसआईआर कराया गया था। मतदाता सूची को स्वच्छ और विश्वसनीय बनाए रखना जरूरी है।
अग्निवीर योजना पर राहुल गांधी को बहस की चुनौती
गुरुवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अराजकता फैलाकर संविधान और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वालों को बेनकाब करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए का हमेशा संविधान में विश्वास रहा है, जबकि कांग्रेस संविधान की हत्या करने में जुटी है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि संविधान की किताब हाथ में लेकर चलने वालों को ही यह जानकारी नहीं है कि उसमें क्या लिखा है। उन्होंने संसद को लोकतंत्र का मंदिर बताते हुए कहा कि वहां हर मुद्दे पर बहस होनी चाहिए।
अग्निवीर योजना के बारे में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और सैन्य अधिकारियों ने शुरुआत में ही इसे एक नया प्रयोग बताया था। योजना से प्राप्त अनुभवों के आधार पर इसका लगातार मूल्यांकन किया जाएगा।
रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की घटना को लेकर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राज्य सरकार के साथ मिलकर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शुरुआती साक्ष्य सामने आने के बाद यह फैसला लिया जाएगा कि जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को शामिल करने की जरूरत है या नहीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले भाजपा की लोकतंत्र बचाओ रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने जयपुर से अपने जुड़ाव का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि जयपुर से उनका रिश्ता है और यहां कभी लोग उन्हें दामाद तो कभी फूफा बना देते हैं। हालांकि, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह नाराज फूफा नहीं हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.