आतिशी वीडियो विवाद: दिल्ली विधानसभा ने पंजाब पुलिस के तीन अधिकारियों को भेजा नोटिस

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक आतिशी मार्लेना के विवादित वीडियो को लेकर दर्ज एफआईआर मामले में दिल्ली विधानसभा ने सख्त रुख अपनाया है। विधानसभा की ओर से पंजाब के डीजीपी, साइबर क्राइम के स्पेशल डीजीपी और जालंधर पुलिस कमिश्नर को नोटिस भेजा गया है, जिसमें 48 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा गया है। साथ ही मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट भी तलब की गई है।
जालंधर पुलिस ने कपिल मिश्रा पर दर्ज की एफआईआर
9 जनवरी को जालंधर पुलिस ने दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस का दावा था कि मोहाली की फोरेंसिक लैब की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो में आतिशी ने ‘गुरु’ शब्द का प्रयोग नहीं किया। इसके बाद दिल्ली विधानसभा में जालंधर पुलिस कमिश्नर के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई गई।
विधानसभा में कड़ी प्रतिक्रिया
दिल्ली भाजपा विधायकों ने सवाल उठाया कि विधानसभा की कार्यवाही से जुड़े मामलों में पंजाब पुलिस किस आधार पर एफआईआर दर्ज कर सकती है। इसे सदन के विशेषाधिकारों का उल्लंघन बताया गया। विधानसभा स्पीकर ने स्पष्ट किया कि जालंधर पुलिस कमिश्नर और एफआईआर दर्ज करने वाले सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएम भगवंत मान का जालंधर दौरा रद्द
मुख्यमंत्री भगवंत मान का आज प्रस्तावित जालंधर दौरा अचानक रद्द कर दिया गया। पहले इसकी आधिकारिक सूचना जारी की गई थी, लेकिन बाद में इसे कैंसिल कर दिया गया। संभावना जताई जा रही है कि रविवार को सीएम मान और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल शहर का दौरा कर सकते हैं।
सीएम के दौरे से पहले ही जालंधर में बीजेपी ने श्रीराम चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया और सिख गुरुओं के अपमान के मुद्दे पर आप सरकार पर हमला बोला। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि एफआईआर और विवाद के चलते दौरा रद्द किया गया, हालांकि सरकार की ओर से कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया।
परगट सिंह और खैहरा पर भी केस दर्ज
जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह और सुखपाल खैहरा के खिलाफ भी आतिशी वीडियो मामले में केस दर्ज किया गया। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.