पंजाब चुनाव: AAP 31 अक्टूबर को जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली सूची, सीएम मान ने दी जानकारी

HIGHLIGHTS
- टिकट वितरण को लेकर दिल्ली में हुई पार्टी की अहम बैठक।
- दो बार चुनाव जीत चुके विधायकों को फिर मौका देने पर विचार।
- महिला मतदाताओं से जुड़ने के लिए एक नवंबर से विशेष अभियान।
पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। उम्मीदवारों के चयन और टिकट वितरण को लेकर दिल्ली में पार्टी की अहम बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची शनिवार, 31 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसकी जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों की पहली सूची में उन नेताओं को प्राथमिकता दी जा सकती है, जो पहले दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे अधिकतर विधायकों को लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में उतारने पर पार्टी विचार कर रही है।
पंजाब विधानसभा में आप के 94 विधायक
आम आदमी पार्टी की कोशिश है कि वह दूसरी राजनीतिक पार्टियों से पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दे। पिछले विधानसभा चुनावों में भी पार्टी ने अन्य दलों के मुकाबले पहले प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं, जिनमें से 94 पर फिलहाल आप के विधायक हैं।
इसके अलावा, पार्टी एक नवंबर से महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान मावां-धीयां सत्कार योजना सहित सरकार की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। वह अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर लोक मिलनी कार्यक्रमों के जरिए लोगों से संवाद कर रहे हैं। वहीं, आने वाले दिनों में पार्टी प्रदेश में बड़ी रैलियां आयोजित करने की तैयारी में है। इनमें दिल्ली के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त किए जा रहे प्रभारी, पार्टी ले रही फीडबैक
आम आदमी पार्टी की ओर से सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा सके। राजनीतिक गलियारों में इसे चुनावी तैयारियों के तहत अहम कदम माना जा रहा है। इसके जरिए पार्टी विधानसभा क्षेत्रों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि प्रचार अभियान समय रहते तेज किया जा सके।
इसके साथ ही पार्टी ने विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर प्रभारी भी नियुक्त किए हैं। इनकी जिम्मेदारी मतदाताओं से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पार्टी के कामकाज को लेकर फीडबैक जुटाना है। यह जानकारी रोजाना पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाई जा रही है।
पार्टी के सभी विंग में पदाधिकारियों की नियुक्तियां जारी
चुनावी तैयारियों के तहत आम आदमी पार्टी अपने सभी संगठनों और विंग में पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी कर रही है। महिला, युवा और व्यापार विंग के साथ नशा मुक्ति मोर्चा में भी बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। पार्टी की ओर से सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.