बिहार: IGIMS के पास दवा दुकान में मारपीट के बाद हवाई फायरिंग, एक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- IGIMS के बाहर विवाद के बाद फायरिंग, मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम।
- घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं, पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा।
- मेडिकल दुकान के कर्मचारियों से मारपीट के बाद हवाई फायरिंग का आरोप।
पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित IGIMS अस्पताल के गेट नंबर-3 के पास शुक्रवार को हवाई फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि दवा दुकानदार और एक कथित दलाल के बीच विवाद के बाद कुछ लोग मेडिकल दुकान में पहुंचे और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद दुकान के बाहर हवाई फायरिंग की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। FSL की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि सुबह IGIMS में इलाज कराने आए एक मरीज के दवा के पुर्जे को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि अस्पताल के बाहर मौजूद एक कथित दलाल मरीज को अपनी पसंद की मेडिकल दुकान से दवा खरीदने के लिए ले जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अंशिका मेडिकल हॉल के कर्मचारियों से उसकी कहासुनी हो गई।
मेडिकल दुकान में मारपीट का आरोप
आरोप है कि बाद में कथित दलाल कुछ अन्य लोगों के साथ मेडिकल दुकान पर पहुंचा और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद दुकान के बाहर हवाई फायरिंग की गई। फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, IGIMS के बाहर दवा दुकानों को लेकर दलालों की गतिविधियों की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.