बीजेपी विधायक के बेटे पर टोल कर्मी से मारपीट का मामला, प्राथमिकी दर्ज

आगरा के फतेहपुर सीकरी इलाके में बीजेपी विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी पर टोल कर्मी से मारपीट करने का आरोप लगा है। यह घटना 24 फरवरी को अछनेरा दक्षिणी बाईपास स्थित रायभा टोल प्लाजा पर हुई।
जानकारी के अनुसार, सुरेश चौधरी निजी काम से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। टोल पर उनकी कार में फास्टैग नहीं होने के कारण टोल कर्मी संजय सिंह ने उनसे आधार कार्ड मांगा। इसके बाद सुरेश ने अपनी गाड़ी पर लिखे “विधायक” और वीआईपी पास का इशारा किया। जब टोल कर्मी ने उन्हें पहचानने से मना किया, तो सुरेश ने गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह पूरा मामला टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
पीड़ित संजय सिंह ने उसी दिन थाना अछनेरा में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं होने के कारण रात में उनके घर पर दबाव डालने की कोशिश की गई। दो दिन बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले में उच्च अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
इस बीच, पीड़ित और उनके भाई ने आगरा कमिश्नर कार्यालय के सामने आत्मदाह की चेतावनी दी। इसके बाद, पांचवें दिन थाना अछनेरा पुलिस ने सुरेश चौधरी के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने पुष्टि की कि पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.