वंदे मातरम् पर कांग्रेस को घेरने की तैयारी, BJP की नई टीम ने पारित किया 10 बिंदुओं वाला निंदा प्रस्ताव

HIGHLIGHTS
- नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई।
- बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् के सभी छह छंदों के गायन से हुई।
- बीजेपी ने कांग्रेस कार्यसमिति के फैसले की आलोचना की।
नई दिल्ली। बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंदों के पूर्ण गायन के साथ हुई।
बैठक में पार्टी की आगामी रणनीतियों को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के अपमान को लेकर कांग्रेस को घेरने की तैयारी भी की गई।
बीजेपी ने कांग्रेस कार्यसमिति के वंदे मातरम् से जुड़े फैसले के खिलाफ 10 बिंदुओं वाला कड़ा निंदा प्रस्ताव पारित किया। पार्टी ने इस मुद्दे पर देशभर में राजनीतिक प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान चलाने का ऐलान किया है।
तुष्टीकरण और स्वाभिमान के अपमान का आरोप
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कांग्रेस के वंदे मातरम् को लेकर अपनाए गए रुख की आलोचना की।
बीजेपी ने कांग्रेस के इस कदम को राष्ट्रगीत, राष्ट्रीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का सीधा अपमान बताया।
वंदे मातरम् के सम्मान से समझौता नहीं
बीजेपी की ओर से पारित प्रस्ताव में कहा गया कि राजनीतिक फायदे या वोट बैंक के तुष्टीकरण के लिए वंदे मातरम् के सम्मान और उसकी ऐतिहासिक विरासत से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पार्टी ने महात्मा गांधी के उस ऐतिहासिक कथन को भी देशभर में प्रचारित करने का संकल्प लिया, जिसमें उन्होंने वंदे मातरम् को साम्राज्यवाद विरोधी नारा और शुद्धतम राष्ट्रीय भावना से जुड़ा उद्घोष बताया था।
बीजेपी ने कहा कि देशव्यापी अभियान के जरिए राष्ट्रगीत के पूरे स्वरूप के इतिहास, महत्व और गौरवशाली विरासत को देश के हर हिस्से तक पहुंचाया जाएगा।
कांग्रेस ने 1937 के प्रस्ताव का दिया हवाला
कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने अपने फैसले में कहा था कि पार्टी के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल शुरुआती दो पद ही गाए जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि पार्टी 1937 के उसी ऐतिहासिक प्रस्ताव और परंपरा का पालन कर रही है, जिसे स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपनाया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.