मुजफ्फरनगर: जेल गेट पर भाकियू का हंगामा, कैदी से मारपीट के आरोप पर धरना

मुजफ्फरनगर। जिला कारागार के बाहर गुरुवार दोपहर उस समय माहौल गरमा गया जब भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक अपने समर्थकों के साथ जेल परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
मामला भाकियू के वरिष्ठ कार्यकर्ता तेजवीर राणा (रतनपुरी) के पुत्र के साथ जेल के अंदर कथित मारपीट और रुपये छीनने के आरोपों से जुड़ा है। इसी को लेकर संगठन के नेताओं ने जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने के दौरान धर्मेंद्र मलिक ने आरोप लगाया कि जिला कारागार में बंदियों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जेल के भीतर कैदियों के साथ मारपीट और उनसे पैसे लेने जैसी घटनाएं हो रही हैं तो यह बेहद गंभीर स्थिति है और इससे पूरी जेल व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने पीड़ित बंदी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने जेल में बंदियों को मिलने वाले भोजन, सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं पर भी सवाल उठाए।
भाकियू नेताओं ने मांग की कि जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरने के दौरान नेताओं ने कहा कि किसी भी बंदी के साथ अन्याय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच, जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने और व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.