मुजफ्फरनगर में घर के अंदर मिले परिवार के चार सदस्यों के शव, मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट मोहल्ले में मंगलवार को एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के भीतर अलग-अलग जगहों पर मिले शवों ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
पुलिस के मुताबिक, सरवट निवासी इरशाद (32) पेशे से पेंटर था। सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने और परिवार के किसी सदस्य के बाहर न आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर इरशाद का भाई नौशाद मौके पर पहुंचा। दरवाजा खोलकर अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गया और तुरंत पुलिस को जानकारी दी।
जांच के दौरान पुलिस को घर के एक कमरे में इरशाद का शव फंदे से लटका मिला। वहीं उसकी पत्नी नूरीन (28) फर्श पर मृत पड़ी थी। दंपति के दो मासूम बच्चे - दो वर्षीय बेटा आहिल और एक माह की बेटी अक्शा भी बिस्तर पर मृत मिले। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी अन्य वजह से हुई मौत का। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
प्रारंभिक स्तर पर कारणों को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है। हालांकि, पारिवारिक विवाद, आर्थिक दबाव या अन्य किसी वजह की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.