‘पेटपूजा’ सॉफ्टवेयर से बिलिंग में हेराफेरी! बॉम्बे पावभाजी को भरने पड़ सकते हैं 2 करोड़ रुपये

लखनऊ। राजधानी के मशहूर बॉम्बे पावभाजी रेस्टोरेंट के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई में बिलिंग में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जांच के बाद प्रतिष्ठान को दो करोड़ रुपये से अधिक आयकर जमा करने की संभावना जताई जा रही है।
आयकर विभाग की टीम ने हजरतगंज और गोमतीनगर स्थित रेस्टोरेंट के तीन आउटलेट्स पर सर्वे किया। इस दौरान करीब सात करोड़ रुपये के कारोबार से जुड़े ऐसे लेनदेन के संकेत मिले, जिन्हें पहले घोषित नहीं किया गया था। विभाग की यह कार्रवाई रविवार देर रात तक चली।
बताया जा रहा है कि हैदराबाद आयकर विभाग से मिली जानकारी के आधार पर देशभर में 17 से ज्यादा रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ सर्वे अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में लखनऊ के बॉम्बे पावभाजी आउटलेट भी जांच के दायरे में आए।
आयकर अधिकारियों के मुताबिक, कई रेस्टोरेंट्स में इस्तेमाल हो रहे ‘पेटपूजा’ सॉफ्टवेयर के जरिये बिलिंग में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। देशभर में इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से बड़े पैमाने पर टैक्स से जुड़े लेनदेन छिपाने के संकेत मिलने के बाद नई दिल्ली स्थित आयकर मुख्यालय के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
लखनऊ में जांच के दौरान अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के सिस्टम और सॉफ्टवेयर की विस्तृत जांच की। इस प्रक्रिया में ऐसे लेनदेन के संकेत मिले जो आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं थे। जांच के दौरान प्रतिष्ठान के संचालक का बयान भी लिया गया, जिसमें सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से जुड़ी कुछ अनियमितताओं की बात सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, राजधानी के कई अन्य रेस्टोरेंट भी आयकर विभाग की निगरानी में हैं। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इन प्रतिष्ठानों की बिलिंग, जीएसटी भुगतान और वास्तविक आय के बीच कितना अंतर है, ताकि उसके आधार पर कर देनदारी का आकलन किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.