मेरठ में सराफा व्यापारी से लूट, 4.5 लाख का माल लेकर फरार बदमाश

मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र में गढ़ रोड पर मंगलवार शाम एक सराफा व्यापारी से दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी गौरव शर्मा से करीब साढ़े चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। यह घटना हसनपुर कदीम पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी के मास्टर कॉलोनी निवासी गौरव शर्मा मुंडाली थाना क्षेत्र के हसनपुर कला में ‘ओम ज्वेलर्स’ नाम से दुकान चलाते हैं। मंगलवार को वह दुकान से लौट रहे थे, तभी पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। बदमाशों ने पहले उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और फिर बैग छीनकर फरार हो गए। लूट की पूरी वारदात चंद सेकंड में अंजाम दी गई।
बैग में सोने की दो अंगूठियां, पांच लौंग, दो जोड़ी कुंडल और चांदी की पाजेब सहित अन्य जेवरात रखे हुए थे। वारदात के बाद बदमाश गढ़ की ओर भाग निकले। पीड़ित ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद सीओ सदर देहात सुधीर सिंह और भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों को शुरू में यह किसी रील या स्टंट की शूटिंग लगा, जिसके कारण वे मदद के लिए तुरंत आगे नहीं आए। इसी गलतफहमी का फायदा उठाकर बदमाश आसानी से फरार हो गए।
पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद व्यापारी वर्ग में रोष और दहशत का माहौल है।
सीओ सदर देहात ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए चार टीमें गठित की हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.