पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर बस पलटी, 15 से अधिक यात्री घायल

दिल्ली से लखीमपुर की ओर जा रही एक निजी बस सोमवार तड़के पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव कैंच के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। दुर्घटना में लखीमपुर खीरी और बहराइच जिले के 15 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार एक निजी ट्रैवल कंपनी की बस दिल्ली से करीब 35 से 40 यात्रियों को लेकर लखीमपुर और बहराइच के विभिन्न इलाकों के लिए रवाना हुई थी। सोमवार सुबह लगभग साढ़े तीन बजे जब बस पीलीभीत-पूरनपुर मार्ग से गुजर रही थी, तभी गांव कैंच के पास चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। कुछ यात्री किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे और उन्होंने अंदर फंसे अन्य लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की।
सूचना मिलने पर गजरौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कराया। हादसे में पारुल (25) पत्नी दीपक निवासी बहराइच, बानो (50) पत्नी तस्सुन निवासी बहराइच, चार वर्षीय दृष्टि पुत्री दुखहरण, नेपाल निवासी लक्ष्मी, लखीमपुर खीरी निवासी सनी (18) और अजय पुत्र जय भगवान समेत करीब 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से तीन यात्रियों के पैर कटने की भी जानकारी सामने आई है, जबकि कई अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं।
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। कुछ यात्रियों का आरोप है कि हादसे के समय बस चालक नशे की हालत में था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.