C-Section सर्जरी के बाद महिला के पेट में रह गए ग्लव्स और टिश्यू, एक हफ्ते बाद बाहर निकाले

HIGHLIGHTS
- महाराष्ट्र के बीड जिले में C-Section सर्जरी के बाद लापरवाही का मामला सामने आया।
- 19 वर्षीय संध्या सूरज गायकवाड़ की सर्जरी 1 अगस्त को हुई थी।
- सर्जरी के चार दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
- इसके बाद पेट में तेज दर्द होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुंबई। महाराष्ट्र के बीड जिले के एक अस्पताल में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां सी-सेक्शन सर्जरी के दौरान महिला के शरीर के अंदर सर्जरी में इस्तेमाल होने वाला सामान रह गया। इसके बाद 19 वर्षीय महिला की हालत गंभीर हो गई और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझने लगी।
संध्या सूरज गायकवाड़ की सर्जरी 1 अगस्त को हुई थी। सर्जरी के चार दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उनके पेट में तेज दर्द होने लगा। हालत बिगड़ने पर परिवार उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां भर्ती कराया गया। मेडिकल स्कैन के दौरान डॉक्टरों को महिला के पेट के अंदर बाहरी वस्तुएं दिखाई दीं।
महिला के पेट में मिले सर्जिकल ग्लव्स
इसके बाद महिला को पुणे के ससून अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी इमरजेंसी सर्जरी की गई। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने महिला के शरीर के अंदर से सर्जिकल ग्लव्स और पेपर टिश्यू वाइप्स निकाले, जो डिलीवरी के दौरान अंदर रह गए थे।
महिला के परिवार और उसके पति ने मेडिकल टीम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला की मां ने बताया कि उनकी बेटी की हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसमें अपने नवजात बच्चे को गोद में उठाने तक की ताकत नहीं बची थी।
प्रशासन ने अस्पताल को जारी किया नोटिस
मंगलवार को महिला के परिवार ने जिला अस्पताल प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। बीड जिले के सर्जन सतीशकुमार सोलंकी ने बताया कि सर्जरी में शामिल डॉक्टरों और स्टाफ को नोटिस जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में यदि संबंधित डॉक्टर और कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.