पटना में लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों का हंगामा, मीठापुर में सड़क जाम

HIGHLIGHTS
- बी.लिस. सत्र 2025-26 के साथ पुराने बैच के छात्र भी प्रमाणपत्र लेने पहुंचे।
- एक दिन पहले भी विश्वविद्यालय परिसर में अफरातफरी की स्थिति बनी थी।
- पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मीठापुर में यातायात बहाल कराया गया।
पटना। मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय में लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा के लिए प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र लेने पहुंचे अभ्यर्थियों ने रविवार को जमकर हंगामा किया।
अभ्यर्थियों ने मीठापुर में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते करीब आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अभ्यर्थियों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
सर्टिफिकेट वितरण में अव्यवस्था का आरोप
सड़क जाम खत्म होने के बाद प्रदर्शनकारी विश्वविद्यालय परिसर में पहुंच गए। वहां सर्टिफिकेट लेने के लिए काउंटर पर अभ्यर्थियों की कतार लग गई। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर प्रमाणपत्र वितरण में अव्यवस्था का आरोप लगाया।
एक दिन पहले भी विश्वविद्यालय में अफरातफरी की स्थिति बन गई थी। उस समय भी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था। रविवार सुबह से ही अभ्यर्थियों का विश्वविद्यालय पहुंचना शुरू हो गया था। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में छात्र जुट गए, जिससे भीड़ अनियंत्रित हो गई।
इसके बाद अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। छात्रों का आरोप था कि उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
21 अक्टूबर तक आवेदन की अंतिम तिथि
बिहार भर के नॉलेज रिसोर्स सेंटर में अध्ययनरत बी.लिस. (लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस) सत्र 2025-26 के छात्र-छात्राएं प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र लेने विश्वविद्यालय पहुंचे थे।
इसके अलावा, वर्ष 2016 से लेकर सत्र 2024-25 तक के बैच के छात्र-छात्राएं भी अंकपत्र और प्रोविजनल सर्टिफिकेट लेने पहुंचे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने से भीड़ बढ़ गई और स्थिति अनियंत्रित हो गई।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सर्टिफिकेट वितरण के लिए अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.