भ्रष्टाचारियों पर मुकदमे तय समय में हों, एक साल की सीमा तय हो: मास्टर विजय सिंह

मुजफ्फरनगर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिव चौक स्थित धरना स्थल पर सामाजिक कार्यकर्ता मास्टर विजय सिंह और उनके साथियों ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने देश में बढ़ते भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और माफियावाद पर गहरी चिंता जताई।
मास्टर विजय सिंह ने कहा कि वह पिछले 30 वर्षों से भ्रष्टाचार और भूमाफियाओं के खिलाफ धरने पर बैठे हैं, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और गंभीर होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज हर स्तर पर माफियावाद हावी है, जिससे गरीब और अमीर के बीच की खाई लगातार बढ़ रही है। बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है, जिससे लोग परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार भ्रष्टाचार के मामलों में लोगों के पकड़े जाने की खबरें सामने आती हैं, लेकिन यह जानकारी सार्वजनिक नहीं हो पाती कि उन्हें सजा क्या और कब मिली। इस स्थिति को गंभीर बताते हुए मास्टर विजय सिंह ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों से मांग की कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों का निपटारा एक साल के भीतर अनिवार्य रूप से करने का कानून बनाया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर नेता, मंत्री, सांसद, विधायक, अधिकारी और कर्मचारी सहित शासन-प्रशासन से जुड़े सभी लोगों को सार्वजनिक रूप से भ्रष्टाचार के खिलाफ शपथ लेनी चाहिए। उनका कहना था कि भ्रष्टाचार देश के लिए सबसे बड़ा अभिशाप है और इसे समाप्त किए बिना वास्तविक विकास संभव नहीं है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार राज ऋषि और रोहित कौशिक, संजीव संगम, अधिवक्ता छवि, अधिवक्ता आसमीन परवीन, कु. आराध्य, नोमान अली, मनोज कुमार, सौरभ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.