मुजफ्फरनगर में 40 स्थानों पर चेकिंग, 18 उर्वरकों के नमूने लैब भेजे

मुजफ्फरनगर: कृषि विभाग की टीम ने जिले में उर्वरक निर्माता इकाइयों और दुकानों पर संयुक्त निरीक्षण किया और 40 स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान उर्वरकों के 18 नमूने लिए गए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। चार दुकानदारों को अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किए गए हैं।
उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बुढ़ाना और खतौली तहसील में निरीक्षण किया। उन्होंने 12 स्थानों पर छापा मारा और दो नमूने लिए। निरीक्षण में निर्माण और बिक्री में अनियमितताएं पाए जाने पर चार दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया।
जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया ने सदर क्षेत्र में श्रीराम पोटाश, सपन फर्टिलाइजर जानसठ रोड समेत 10 उर्वरक इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने 10 नमूने लिए और एक दुकानदार को सुधार की चेतावनी दी।
वहीं वरिष्ठ प्राविधिक सहायक शुभम नामदेव ने जानसठ तहसील में आठ स्थानों की जांच की और छह नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान तीन दुकानदारों को चेतावनी दी गई।
कृषि विभाग ने कहा कि सभी नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.