श्रीनगर में पर्यटकों के लिए खुला क्राइसेंथेमम गार्डन, उमर अब्दुल्ला ने किया उद्घाटन

HIGHLIGHTS
- सरकार की योजना हर साल गार्डन में नई चीजें जोड़ने की है।
- ट्यूलिप गार्डन के लिए फूलों के बल्ब विदेश से मंगाए जाते हैं, जबकि यहां के पौधे स्थानीय स्तर पर तैयार होते हैं।
- गार्डन में पौधों को स्थानीय स्तर पर उगाया और विकसित किया जाता है।
कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रीनगर स्थित क्राइसेंथेमम गार्डन (बाग-ए-गुल-ए-दाऊद) को लगातार दूसरे साल पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को इस गार्डन का उद्घाटन किया। उन्होंने देशभर से कश्मीर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों से यहां घूमने आने की अपील की।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि क्राइसेंथेमम गार्डन को पर्यटकों के लिए एक नए आकर्षण के रूप में विकसित किया गया है। पर्यटन सीजन की शुरुआत में आमतौर पर बड़ी संख्या में लोग ट्यूलिप गार्डन देखने पहुंचते हैं, लेकिन इसके बाद पर्यटकों के लिए कोई खास आकर्षण नहीं रहता था। इसी कमी को दूर करने और पर्यटन सीजन को गति देने के लिए इस गार्डन को तैयार किया गया है।
हर साल गार्डन में कुछ नया जोड़ने की योजना
उमर अब्दुल्ला ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार गार्डन में काफी सुधार किया गया है। आने वाले समय में भी इसे और बेहतर बनाने की योजना है। सरकार का प्रयास है कि हर साल गार्डन में कुछ नया जोड़ा जाए, ताकि पर्यटकों को दोबारा यहां आने का नया कारण मिल सके।
स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाते हैं पौधे
मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्यूलिप गार्डन के लिए फूलों के बल्ब बार-बार विदेश से मंगाने पड़ते हैं, जबकि क्राइसेंथेमम गार्डन में लगाए जाने वाले पौधे स्थानीय स्तर पर ही तैयार होते हैं। इन पौधों को यहीं उगाया और विकसित किया जाता है। इससे गार्डन को विकसित करने में स्थानीय संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से गार्डन की खूबसूरती का आनंद लेने, तस्वीरें खींचने और यहां से यादगार अनुभव लेकर लौटने की अपील की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.