सीएम योगी का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- कुछ लोग जीवनभर बच्चे ही बने रहते हैं
By Hitesh — August 7, 2026

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया।
- सीएम योगी ने बुनकरों की प्रतिभा और उत्तर प्रदेश की हथकरघा विरासत का उल्लेख किया।
- कार्यक्रम में उत्कृष्ट बुनकरों को संत कबीर राज्य स्तरीय हथकरघा पुरस्कार दिया गया।
Author: — Dainik Dehat
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग जीवनभर बच्चे ही बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि बबुआ भी ऐसा ही करते थे। वह दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे, फिर दो बजे तैयार होते थे। शाम पांच बजे तक उनके जिम जाने का समय हो जाता था और सात बजे तक महफिल सज जाती थी।
सीएम योगी ने कहा कि देश और प्रदेश के बारे में सोचने के लिए उनके पास समय ही कहां होता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि महिलाओं को सबसे बड़ा खतरा इन्हीं सपाइयों से था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को 'राष्ट्रीय हथकरघा दिवस' के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब सरकारें प्रदेश के विकास के लिए काम करती हैं तो उसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और मेहनती बुनकर साथियों की अद्भुत प्रतिभा को नमन करने का दिन है।
उन्होंने कहा कि 'राष्ट्रीय हथकरघा दिवस' के अवसर पर लखनऊ में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट बुनकर भाई-बहनों को 'संत कबीर राज्य स्तरीय हथकरघा पुरस्कार' से सम्मानित करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही 'मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना' और 'झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना' के लाभार्थियों को चेक भी दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके बाद जनपद अंबेडकरनगर के सर्वांगीण विकास के लिए 706 करोड़ रुपये से अधिक की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और चेक वितरित किए जाएंगे।
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार हुनरमंद हाथों को आधुनिक संसाधन, बाजार और सम्मान उपलब्ध कराकर 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.