अयोध्या पहुंचे असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा, रामलला के किए दर्शन; अखिलेश पर साधा निशाना

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा रविवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे और रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान सरमा ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की ताकत नहीं है।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान सरमा ने बताया कि वह दूसरी बार रामलला के दर्शन करने अयोध्या आए हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने अखिलेश यादव पर हमला बोला। सरमा ने कहा कि अखिलेश यादव में अयोध्या से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है। उनके इस बयान को प्रदेश की राजनीति में सपा को घेरने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
कोलकाता के एक पूजा पंडाल में हुई घटना पर दुख जताते हुए असम के मुख्यमंत्री ने इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से प्रभावित लोगों के साथ सभी को खड़ा होना चाहिए। पीड़ितों को चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से इंतजाम किए जा रहे हैं।
राम मंदिर में दर्शन करने से पहले हिमंत बिस्व सरमा ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमंतलला के दर्शन किए। यहां महंत हेमंत दास ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अभय सिंह, डिम्पुल पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सीईओ और राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने किया स्वागत
हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद असम के मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन के साथ आरती भी की। सरमा ने मंदिर की भव्यता और स्थापत्य कला की सराहना की।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से भी उनका स्वागत किया गया। राम मंदिर के सीईओ जितेंद्र मिश्र, ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास, ट्रस्टी डॉ. कृष्ण मोहन और सचिव जगदीश आफले ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। दर्शन-पूजन के दौरान उन्होंने अपनी श्रद्धा व्यक्त की और मंदिर की भव्यता की प्रशंसा की।
इसके बाद हिमंत बिस्व सरमा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए बस्ती रवाना हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.