कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी सख्त, अफवाह और उपद्रव करने वालों पर होगी कार्रवाई

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक।
- सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और अफवाहों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए।
- बरेली में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स को लेकर सतर्कता बढ़ाने को कहा गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व है। इसमें किसी भी तरह का उपद्रव या गुंडागर्दी स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बाढ़ की स्थिति, खाद की उपलब्धता और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा बड़ी संख्या में लोगों की आस्था से जुड़ा आयोजन है। इसकी सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
कांवड़ यात्रा और उर्स को लेकर सतर्कता के निर्देश
मुख्यमंत्री ने बरेली में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि गाजियाबाद से अब तक करीब 70 हजार कांवड़िये गुजर चुके हैं। आने वाले दो दिनों में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए।
शोहदों और टप्पेबाजों की पहचान होगी सार्वजनिक
महिला सुरक्षा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शोहदों और टप्पेबाजों की पहचान सार्वजनिक करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
खाद की कालाबाजारी रोकने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने किसानों को समय पर यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरक उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए और नेपाल सीमा से जुड़े जिलों में विशेष सतर्कता रखी जाए।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैयारियां रखने को कहा
बाढ़ प्रभावित जिलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों को तेज रखने के निर्देश दिए। उन्होंने तटबंधों की निगरानी बढ़ाने और कटान से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
सीएम योगी ने अगले एक सप्ताह में संभावित बारिश को देखते हुए सभी जिलों को पहले से तैयारियां पूरी रखने के निर्देश भी दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.