गाजियाबाद में CM योगी की पदयात्रा से लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे लोग

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद के राज नगर एक्सटेंशन पहुंचे।
- पदयात्रा में शामिल होने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता पहुंचे।
- सुबह 11:30 बजे तक निर्धारित पार्किंग स्थल पूरी तरह भर गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद के राज नगर एक्सटेंशन पहुंच गए हैं। यहां वह मंच पर पहुंचे। इस दौरान गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता को गाली देने वाली को ईंट का जवाब पत्थर से देने के लिए लोग जुटे हैं।
वहीं, यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि विपक्ष अराजकता के जरिए सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पाप इतने हैं कि उसने राम के अस्तित्व को ही नकार दिया। कांग्रेस को भगवान राम से माफी मांगनी चाहिए। उधर, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी ने कहा कि 16 साल पहले देश भ्रष्टाचार में डूबा हुआ था।
योगी की पदयात्रा से राज नगर एक्सटेंशन में लगा भीषण जाम
राज नगर एक्सटेंशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पदयात्रा के दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता पहुंचे। इसके चलते सुबह से ही क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लगने लगीं।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि लोगों को घंटों सड़कों पर फंसे रहना पड़ा। इसका असर नौकरीपेशा लोगों पर भी पड़ा और कई लोग समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच सके।
सुबह 11:30 बजे ही भर गई पार्किंग
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग की व्यवस्था की थी, लेकिन कार्यकर्ताओं की गाड़ियों और बसों की भारी संख्या के सामने ये इंतजाम कम पड़ गए। सुबह 11:30 बजे तक निर्धारित पार्किंग स्थल पूरी तरह भर चुके थे। इसके बाद बसों और अन्य वाहनों को सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़ा कर दिया गया।
सड़कों पर वाहनों का कब्जा, जनसभा स्थल पर भी जगह की कमी
मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने से सड़कें काफी संकरी हो गईं। सुबह 10 बजे से ही वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती रही और कुछ ही देर में राज नगर एक्सटेंशन में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
इस दौरान पुलिस और प्रशासन यातायात व्यवस्था को संभालने में नाकाम नजर आए। वहीं, जनसभा स्थल पर भी भारी भीड़ जुटने के कारण लोगों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची।
कार्यक्रम देखे बिना ही वापस लौटे लोग
जनसभा स्थल पर जगह की कमी के चलते कई लोगों को अंदर प्रवेश नहीं मिल सका। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग बाहर से ही वापस लौटने लगे। जाम और अव्यवस्थाओं की वजह से आम लोगों के साथ-साथ कार्यक्रम में शामिल होने आए समर्थकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही कई लोग वापस लौट गए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आयोजन की खराब तैयारियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.