गाजियाबाद: दिवाली से पहले मिठाई के कारखानों पर छापा, रसगुल्लों में मिले कीड़े

HIGHLIGHTS
- खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों कारखानों से कुल 10 नमूने लिए।
- बीकाराम चांदमल के कारखाने में 400 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए गए।
- मिठाई बनाने और रखने की जगह पर कॉकरोच व कीड़े मिले।
गाजियाबाद: दिवाली का त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ने लगी है। इस बीच मिठाई बनाने में लापरवाही और गंदगी के मामले भी सामने आ रहे हैं। शहर के दो प्रतिष्ठित मिठाई विक्रेताओं शुभमन स्वीट्स और बीकाराम चांदमल के कारखानों में गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। एडीएम सिटी विकास कश्यप ने बताया कि दोनों कारखानों में मिठाई बनाने और उन्हें रखने की व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों स्थानों से कुल 10 नमूने लिए हैं। साथ ही, दोनों कारखानों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
रसगुल्लों में मिले बड़ी संख्या में कीड़े
सहायक आयुक्त खाद्य सुरेंद्र मिश्र के मुताबिक, आरडीसी में बीकाराम चांदमल के नाम से मिठाई की दुकान संचालित है और रईसपुर में बीसी फूड के नाम से इसका कारखाना चल रहा है। मिली सूचना के आधार पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कारखाने में छापेमारी की। जांच के दौरान दिवाली पर बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे रसगुल्लों में बड़ी संख्या में कीड़े पाए गए। इसके बाद करीब 400 किलो रसगुल्लों को नष्ट कराया गया।
मिठाई बनाने वाली जगह पर मिले कॉकरोच
कारखाने में मिठाई तैयार करने वाले स्थान पर कॉकरोच घूमते मिले। खाद्य सामग्री रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे डीप फ्रीजर में भी कॉकरोच और अन्य कीड़े पाए गए। जांच के दौरान मिठाई बनाने में इस्तेमाल हो रहा सोडियम बाईकार्बोनेट भी फूड ग्रेड का नहीं मिला। मावे में मिलावट की आशंका के चलते टीम ने छेना मिठाई, बूंदी के लड्डू, रंगीन मावा, समोसा मसाला, लाल मिर्च पाउडर और सोडियम बाईकार्बोनेट के छह नमूने लिए। अधिकारियों के अनुसार, कारखाने में जरूरी सुधार होने तक इसका लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है।
शुभमन स्वीट्स के कारखाने में भी मिली गंदगी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने साइट चार औद्योगिक क्षेत्र के झंडापुर स्थित शुभमन स्वीट्स के कारखाने का भी निरीक्षण किया। यहां तैयार मिठाइयां गंदगी के पास रखी मिलीं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि कारखाने में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी और जमीन पर कॉकरोच घूम रहे थे। टीम ने यहां से खोये के दो नमूने, काजू गुलाब मिठाई का एक नमूना और बेसन का एक नमूना लिया। कारखाने में सफाई व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए इसके लाइसेंस को भी निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.