देशभर में बढ़ी शीतलहर, कई राज्यों में अलर्ट जारी

नई दिल्ली। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही देश के अधिकांश हिस्सों में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में ठंड का असर लगातार तेज हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। विभाग का अनुमान है कि मध्य भारत और उसके आसपास के पूर्वी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर जारी रह सकती है, जबकि उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में 12 दिसंबर तक ठंडी हवाओं के और प्रबल होने की संभावना है।
घने कोहरे ने बढ़ाई दिक्कतें
पूर्वानुमान के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम और मणिपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की स्थिति बनी रहेगी। इसके अतिरिक्त पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा सहित कई राज्यों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी है।
13 दिसंबर से बढ़ेगी ठंड की मार
मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी की उम्मीद
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में फिलहाल शुष्क मौसम के कारण सर्दी ज्यादा महसूस की जा रही है। सूखी ठंड और पाला पड़ने से स्थानीय लोग परेशान हैं। विभाग का कहना है कि 13 दिसंबर के बाद इन राज्यों में मौसम करवट ले सकता है और बारिश या बर्फबारी की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा सर्द हवाओं का असर
पश्चिमी हिमालय की ठंडी हवाओं का असर राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी देखने को मिलेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली में हल्की धुंध और कोहरे के बीच न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप
पूर्वी यूपी में शीतलहर ने एक बार फिर सर्दी को तेज कर दिया है। तराई क्षेत्रों में सुबह घने कोहरे की चादर रही, जबकि कई जिलों में गलन और ठिठुरन बढ़ने की रिपोर्ट है।
बिहार में पछुआ हवा से लुढ़का पारा
बिहार में पछुआ हवाओं ने ठंड को और कड़ा कर दिया है। पटना समेत कई जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक ठंडी पछुआ हवाएं चलने का अनुमान जताया है, जिनकी रफ्तार 15–20 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
दक्षिण भारत के तीन राज्यों में बारिश का अनुमान
दक्षिण भारत में एक अलग मौसम प्रणाली सक्रिय है। केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। IMD ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.