अमित शाह का एलान- 2027 में भाजपा सरकार बनी तो यूपी में लागू होगा समान नागरिक संहिता

HIGHLIGHTS
- अमित शाह ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर जोर दिया।
- राम मंदिर निर्माण और अयोध्या की घटना का जिक्र कर विपक्ष को घेरा।
- वोट चोरी के आरोपों पर संसद में चर्चा की चुनौती दी।
लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। शाह ने दावा किया कि यूपी से भाजपा को कोई सत्ता से बाहर नहीं कर सकता।
अमित शाह ने 30 अक्टूबर की तारीख का जिक्र करते हुए कहा कि 1990 में इसी दिन अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग रामभक्तों पर गोली चलवाते थे, वे आज सरकार बनाने की बात कर रहे हैं। भाजपा ने राम मंदिर का निर्माण कराया है। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को गिरवाया था। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने और तीसरी बार सरकार बनाने के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यूपी में फिर से भाजपा की सरकार बनने को लेकर कोई संदेह नहीं है और तीसरी बार सरकार बनने पर यहां भी यूसीसी लागू की जाएगी।
गृहमंत्री ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद दोनों दल अंपायर पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कर ली जाए, पार्टी हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री योगी ने यूपी को माफियाओं से मुक्त किया
अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सख्त शासन व्यवस्था के जरिए उत्तर प्रदेश को माफियाओं से मुक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को कोई कमजोर नहीं कर सकता। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी तैयारी के साथ जुटने और अर्जुन की तरह लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी को लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनानी है।
अपने संबोधन में शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के राजनीतिक सफर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रदेश में पार्टी के केवल 44 विधायक थे और उस समय कार्यकर्ता निराश थे। वह खुद तहसील स्तर तक गए। संगठन को मजबूत करने के बाद 2014 में भाजपा ने 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीटें जीतीं। उन्होंने नोटबंदी का उल्लेख करते हुए कहा कि 2016 में नोटबंदी के दौरान अखिलेश यादव रातभर सो नहीं पाए थे। इसके बाद भाजपा ने 40 प्रतिशत वोट हासिल कर 312 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
इससे पहले, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के सभागार में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का उद्घाटन अमित शाह ने किया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के अलावा विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी, जितिन प्रसाद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए।
पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प लेने को कहा
बैठक के स्वागत संबोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक केवल औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि संगठन की ताकत का आकलन करने, अब तक की उपलब्धियों की समीक्षा करने और आगे की रणनीति तय करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी लोग नई ऊर्जा और संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के उद्देश्य से एकत्र हुए हैं।
पंकज चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के बाद 14 जुलाई 2024 को पार्टी के कार्यकर्ता इसी सभागार में एकत्र हुए थे। संगठनात्मक गठन के बाद प्रदेश कार्यसमिति की यह पहली बैठक है। इस बार वरिष्ठ नेताओं के साथ नई प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भी मौजूद हैं। विधानसभा चुनाव से पहले हो रही इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह और वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन मिलना पार्टी के लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता यहां पार्टी की जीत का नया अध्याय लिखने और 2027 के चुनावी महासंग्राम का शंखनाद करने के संकल्प के साथ जुटे हैं। सभी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाना है।
तीन सत्रों में आयोजित होगी कार्यसमिति की बैठक
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन तीन सत्रों में किया जा रहा है। दूसरे सत्र में राजनीतिक एजेंडे, विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। इसके साथ ही संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। जिन क्षेत्रों और बूथों पर पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत करने की जरूरत है, वहां विशेष रणनीति तैयार की जाएगी।
राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और ऐतिहासिक फैसलों को प्रमुखता से रखा जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले इस बैठक को संगठन की तैयारियों का जायजा लेने, कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देने और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर के मंत्र पर काम करेगी पार्टी
कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा तथा प्रदीप वर्मा भी शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम के एजेंडे और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी को 'जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर' के मंत्र के साथ काम करना है। बैठक की सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाने के लिए पंजीकरण, भोजन, यातायात और सजावट से जुड़ी जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि राजनीतिक प्रस्ताव में संगठन के कार्यों, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी एजेंडे को शामिल किया जाएगा।
वहीं, धर्मपाल सिंह ने कहा कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक, अनुशासित और व्यवस्थित बनाने के लिए पहले से तैयारी करना जरूरी है। इसके लिए माइक्रो मैनेजमेंट और टीमवर्क के साथ सभी को अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.














Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.