यूपी में ठंड तेज, कई जिलों में घना कोहरा; तराई में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सुबह की शुरुआत मुश्किलों से भरी रही। ठंड बढ़ने के साथ ही प्रातः और रात के समय दृश्यता तेजी से घट रही है, खासकर तराई क्षेत्रों में जहां कोहरे की मोटी परत लोगों के लिए परेशानी बन गई है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और बहराइच में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के लिए येलो अलर्ट प्रभावी है।
बुधवार को कुशीनगर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि बहराइच में यह केवल 25 मीटर दर्ज की गई। कोहरे और ठंड से जनजीवन प्रभावित है, वहीं यातायात भी धीमी गति से संचालित हो रहा है।
इसी बीच मौसम विभाग ने एक नया अपडेट जारी किया है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 12 दिसंबर से प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके प्रभाव से अगले तीन से चार दिनों तक पूर्वा हवाएँ चलेंगी, कुछ इलाकों में हल्के बादल भी दिख सकते हैं। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़त की संभावना जताई गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.