कोलकाता दुर्गा पूजा भगदड़ मामले में समिति का कोषाध्यक्ष गिरफ्तार, 19 लोगों की हुई थी मौत

HIGHLIGHTS
- आरोपी संजीब राहा को नदिया जिले से हिरासत में लिया गया था।
- 17 अक्टूबर की शाम हुई घटना के बाद से वह फरार था।
- हादसे में 25 अन्य लोग घायल हुए थे।
कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान हुई भगदड़ के मामले में पुलिस ने चोरबागान दुर्गा पूजा समिति के कोषाध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पूजा पंडाल का एक हिस्सा गिरने की घोषणा कर श्रद्धालुओं को गुमराह किया था। इस अनाउंसमेंट के बाद लोगों में दहशत फैल गई और भगदड़ मच गई। पिछले सप्ताह हुए इस हादसे में 19 लोगों की जान चली गई थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीब राहा उर्फ सेंटू के रूप में हुई है। उसे गुरुवार को नदिया जिले में एक ठिकाने से हिरासत में लिया गया था। कई घंटे तक पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद से फरार चल रहा था आरोपी
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में दो लोग अनाउंसमेंट कर रहे थे, जिनमें संजीब राहा भी शामिल था। वह 17 अक्टूबर की शाम हुई घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने पहले उसे नदिया जिले से हिरासत में लिया और फिर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
उत्तरी कोलकाता स्थित चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में बारिश के दौरान अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 25 अन्य घायल हो गए थे।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, महासप्तमी के दिन पूजा पंडाल में घोषणाएं करने वाले दोनों लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज की मदद से की गई। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भगदड़ किन परिस्थितियों में हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद से संजीब राहा का मोबाइल फोन बंद था। वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों के जरिए अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था।
'पंडाल गिर रहा है, तुरंत बाहर निकलें' की गई घोषणा
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच के दौरान एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो लोग पंडाल में घोषणाएं करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्हें श्रद्धालुओं से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि पंडाल गिर रहा है और सभी लोग तुरंत बाहर निकल जाएं।
अधिकारी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि इन घोषणाओं से लोगों में घबराहट फैल गई और बाहर निकलने के रास्ते की ओर अचानक भीड़ बढ़ गई, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
भगदड़ की वजहों की जांच कर रही एसआईटी
इस हादसे की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) पूरे मामले की पड़ताल कर रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि भगदड़ के पीछे भीड़ को नियंत्रित करने में लापरवाही या सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी तो जिम्मेदार नहीं थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.